भाजपा ने प्रधानमंत्री को स्वीडन में मिले सम्मान को बताया हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ से सम्मानित किए जाने पर इसे प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया है।

 

भाजपा के प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत के जन-जन के हित की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी एक अत्यंत महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर हैं।

 

स्वीडन की सरकार ने भारत के आज तक के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री और विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में शुमार प्रधानमंत्री मोदी को रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार से अलंकृत किया है।

 

इस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी को अपने इस कार्यकाल में 31 वैश्विक सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।

 

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि यह सम्मान मात्र एक व्यक्ति के रूप में मोदी का सम्मान नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री द्वारा 140 करोड़ भारतवासियों की क्षमता और उनकी उत्कृष्टता को वैश्विक धरातल पर स्थापित करने का यह प्रतीक है।

 

यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।

 

उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी की यूनाइटेड अरब अमीरात यात्रा के दौरान भारत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है।

 

यूएई ने भारत के रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार को बढ़ाने के लिए लगभग 30 अरब डॉलर के समझौते पर सहमति जताई है। इससे भारत की रणनीतिक तेल भंडारण क्षमता में करीब 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

 

इसके अलावा यूएई की एक कंपनी ने भारत में 5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा भी की है। इससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार और आर्थिक सहयोग और मजबूत होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com