नई दिल्ली : राष्ट्रीय महिला आयोग ने जोधपुर में दो बहनों के साथ कथित रूप से लंबे समय तक सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेल, यौन शोषण एवं बाद में आत्महत्या किए जाने संबंधी मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है।
अध्यक्ष विजया रहाटकर ने राजस्थान के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
आयोग ने एफआईआर में लगाए गए प्रावधानों, सभी आरोपितों की गिरफ्तारी, जांच की वर्तमान स्थिति, डिजिटल एवं फोरेंसिक साक्ष्यों, पीड़ित परिवार द्वारा पूर्व में की गई शिकायतों पर कथित पुलिस निष्क्रियता तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही संबंधी विवरण मांगे हैं।
साथ ही पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जा रही कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, सुरक्षा एवं पुनर्वास सहायता तथा भविष्य में महिलाओं से जुड़े यौन अपराधों एवं ब्लैकमेल के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी मांगी गई है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध इस प्रकार के जघन्य अपराध को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal