‘क्या तिरंगे का सम्मान दुनिया भर में बढ़ाना गद्दारी है?’, ‘नक्सलवाद’ पर नितिन नवीन बोले- राहुल गांधी का बयान देश के खिलाफ

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उनके बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “दुर्भाग्यपूर्ण और अराजक मानसिकता” करार दिया है।

 

राहुल गांधी ने रायबरेली में दिया था विवादित बयान

राहुल गांधी ने रायबरेली के लोधवारी गांव में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ में केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को “गद्दार” बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार देश को आर्थिक संकट की ओर ले जा रही है और संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है।

 

राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना करेगा। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और सरकार की नीतियों का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा, जिससे महंगाई तेजी से बढ़ेगी।

 

उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस के साथ-साथ दाल और चावल जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

 

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का पलटवार

राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और राहुल गांधी की “अराजकतावादी मानसिकता” को दर्शाता है।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में आपसी सम्मान और मर्यादा की परंपरा रही है, लेकिन राहुल गांधी का यह बयान उसी परंपरा के खिलाफ है। नितिन नवीन ने कहा कि लगातार चुनावी हार और निराशा उनके व्यवहार में साफ झलक रही है।

 

“क्या यह गद्दारी है?”- बीजेपी का तीखा सवाल

नितिन नवीन ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि आज सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

 

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है? क्या देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है? क्या तिरंगे का सम्मान दुनिया भर में बढ़ाना गद्दारी है?”

 

देशभर में बयान पर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर लगातार हमलावर हैं, जिससे राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है।

 

फिलहाल यह मुद्दा देश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके और तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com