प्रधानमंत्री की पांच देशों की यात्रा को भाजपा ने बताया महत्वपूर्ण व रणनीतिक दौरा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की यात्रा को देश के लिए “महत्वपूर्ण और रणनीतिक दौरा” करार देते हुए कहा कि इससे भारत के व्यापार, निवेश और वैश्विक साझेदारी को मजबूती मिली है।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं से भारत के व्यापार, निवेश और वैश्विक साझेदारी को मजबूती मिली है। भारत आज दुनिया के साथ “मजबूत स्थिति” से बातचीत कर रहा है और कई देशों के साथ आर्थिक संबंध लगातार बेहतर हुए हैं।

 

उन्होंने कहा कि ये सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय यात्रा, डिप्लोमेटिक पॉलिटिकल स्टेज पर नहीं थी, बल्कि इसने बड़े परिणाम भारत के भविष्य के लिए उत्पन्न किए। इस यात्रा में मोदी जी भारत के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ लेकर आए हैं। अगर हम यात्रा के निष्कर्ष को देखें तो जैसे यूएई ने 75 से 100 बिलियन डॉलर निवेश की प्रतिबद्धता जताए है और इस यात्रा में लगभग 45 हजार करोड़ यानी, लगभग 5 बिलियन डॉलर के कमिटमेंट्स को पूर्णत: अप्रूव किया गया और वो भारत में आने के लिए तैयार हो गए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की हालिया पांच देशों की यात्रा के दौरान यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

 

विपक्ष के सवालों पर गोयल ने कहा कि एक तरफ पूरा विश्व भारत और प्रधानमंत्री पर भरोसा जता रहा है, वहीं राहुल गांधी अपने बयानों और भाषणों में लगातार नकारात्मक सोच दिखा रहे हैं। गोयल ने कहा, “भारत की जनता राहुल गांधी को बार-बार नकार रही है। उनकी हताशा, उनकी मानसिकता और प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की जा रही अपमानजनक भाषा साफ दिखाई देती है।”

 

उन्होंने कहा, “क्या नक्सलवाद को खत्म करना देशद्रोह है? या कांग्रेस शासन में वर्षों तक नक्सलवाद को पनपने देना देशद्रोह था? कांग्रेस और गांधी परिवार जिस तरह घुसपैठियों का समर्थन करते हैं, वह देशद्रोह है।”

 

मंत्री ने कहा, “वैश्विक मंच पर भारतीय तिरंगे का सम्मान करना देशद्रोह है या विदेश में तिरंगे का अपमान करना? आतंकवाद की कमर तोड़ना और आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देना देशद्रोह है, या आतंकवादियों को बिरयानी खिलाना और उनसे समझौता करना देशद्रोह था?”

 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी कमजोरी को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना है और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।

 

पांचों देश में मोदी जी का भव्य स्वागत हुआ, अलग-अलग कार्यक्रम हुए, मूल भारत के लोगों ने उनका सम्मान किया। भारत को तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान मिले। एक प्रकार से पांच देश, पांच दिन… एक स्पष्ट संदेश देता है कि भारत विश्व पटल पर बड़ी मजबूती के साथ खड़ा है। आज पूरा विश्व भारत को एक विश्वसनीय पार्टनर के रूप में देखता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com