अजमेर : राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में 23 मई, शनिवार से 1 जून 2026 तक पुष्कर में दस दिवसीय चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की मेजबानी अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल द्वारा उनके निजी रिसॉर्ट वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में की जाएगी।
शिविर में राजस्थान और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई राष्ट्रीय स्तर के नेता शिविर में शामिल होंगे। संभावना जताई जा रही है कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे 1 जून को अजमेर पहुंचेंगे और दो दिन तक संगठनात्मक गतिविधियों एवं चिंतन सत्रों में भाग लेंगे। शिविर में करीब 100 जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों के ठहरने, भोजन एवं प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अलग-अलग सत्रों में संगठन विस्तार, चुनाव प्रबंधन, मीडिया समन्वय, जनसंपर्क और बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होगी। जिलाध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने बताया कि शिविर में राजस्थान का राजनीतिक इतिहास, कांग्रेस सरकारों का योगदान, संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 25 मई को विभिन्न क्षेत्रों का फील्ड विजिट कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें राजस्थान प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और पीसीसी पदाधिकारी शामिल होंगे। वहीं 27 मई को मनरेगा कार्यस्थलों का भ्रमण एवं निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है। शिविर के दौरान स्वच्छता, अनुशासन, चिकित्सा, परिवहन और आवास व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आयोजन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और शहरभर में स्वागत तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि अजमेर में इस स्तर का कांग्रेस चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना जिले के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि यह आयोजन कांग्रेस संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा। शिविर में वरिष्ठ नेताओं के संवाद और विचार-विमर्श के विशेष सत्र भी आयोजित होंगे। अबतक जारी कार्यक्रम के अनुसार के.सी. वेणुगोपाल, सुखजिन्दर सिंह रंधावा, गोविन्द सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली, अशोक गहलोत, सचिन पायलट और सी.पी. जोशी भी अलग-अलग अवधि तक शिविर में मौजूद रहेंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal