पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए केन्द्र सरकार देगी हर संभव मददः जेपी नड्डा

नई दिल्ली : केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए केन्द्र सरकार हर संभव मदद करेगी। शनिवार को पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य सेवाओं और केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक के दौरान नड्डा ने कई योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। इस बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

बैठक के दौरान स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, टीकाकरण अभियान को तेज करने, टीबी उन्मूलन और गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच एवं उपचार जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।

 

इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पश्चिम बंगाल को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कुल 3,505.59 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसमें से पहली किस्त के रूप में 527.58 करोड़ रुपये राज्य को जारी कर दिए गए हैं। साथ ही राज्य सरकार से कहा गया कि पीएम-एबीएचआईएम और 15वें वित्त आयोग के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य अनुदान का जल्द और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर और पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर जैसे स्वास्थ्य सूचकांकों में लगातार सुधार बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से सीमा क्षेत्रों में मजबूत निगरानी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

 

बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को पश्चिम बंगाल में लागू करने के लिए समझौता ज्ञापन पर भी चर्चा हुई। केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में “टीबी मुक्त भारत अभियान” को तेजी से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। जे पी नड्डा ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक स्क्रीनिंग, मरीजों के इलाज की नियमित निगरानी और जिला स्तर पर सख्त मॉनिटरिंग जरूरी है। उन्होंने राज्य सरकार से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को भी जल्द शुरू करने का आग्रह किया।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com