भोपाल : बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मामले में रविवार को बेहद भावुक माहौल के बीच ट्विशा शर्मा को अंतिम विदाई दी गई। दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पहुंचे, जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं और परिवार का दर्द साफ महसूस किया जा सकता था।
सबसे मार्मिक पल तब आया, जब ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने नम आंखों से अपनी बहन की चिता को मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक भावुक हो उठे। माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। ट्विशा की मां सहित परिवार के अन्य सदस्य भी इस दौरान खुद को संभाल नहीं सके।
पंचतत्व में विलीन हुई ट्विशा
करीब 10 दिन बाद दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार ने भोपाल में ही अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया। परिजनों का कहना है कि अब उन्हें उम्मीद है कि दोबारा पोस्टमार्टम से मामले की सच्चाई सामने आएगी और न्याय मिलेगा।
मीडिया से बातचीत में ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने कहा कि परिवार ने आपसी सहमति से भोपाल में अंतिम संस्कार का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि बहन की मौत को 10 दिन से अधिक समय बीत चुका है, जिसके चलते शव में कई बदलाव आ चुके थे और उसे दिल्ली ले जाना संभव नहीं था।
री-पोस्टमार्टम में कई अहम बिंदुओं की जांच
परिवार के वकील अंकुर पांडेय ने बताया कि री-पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया है। इसमें शरीर पर चोट के निशान, मौत का समय और मौत की वास्तविक वजह जैसे बिंदु शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें जांच से सच सामने आने की उम्मीद है।
ऋषिकेश में होगा अस्थि विसर्जन
ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने बताया कि परिवार ने तय किया है कि ट्विशा की अस्थियों का विसर्जन ऋषिकेश में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्विशा को ऋषिकेश से विशेष लगाव था और वह अक्सर वहां समय बिताने जाया करती थीं।
अंतिम संस्कार में आरोपी समर्थ के शामिल होने के सवाल पर परिवार की ओर से कहा गया कि अंतिम संस्कार कोई निमंत्रण का कार्यक्रम नहीं होता, जो आना चाहे वह शामिल हो सकता है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal