आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। आरसीबी और जीटी के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों टीमों ने 4-4 मैच अपने नाम किए हैं। इस सीजन में भी दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक जीत दर्ज की है। पहली भिड़ंत में आरसीबी ने गुजरात को 5 विकेट से हराया था, जबकि दूसरी बार गुजरात टाइटंस ने वापसी करते हुए बेंगलुरु को 4 विकेट से शिकस्त दी थी।
पहले क्वालिफायर में आरसीबी का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। टीम अब तक तीन बार पहला क्वालिफायर खेल चुकी है, जिसमें दो मुकाबलों में जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई, जबकि एक मैच में हार का सामना करना पड़ा। आईपीएल 2025 में आरसीबी ने पहले क्वालिफायर में पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। वहीं, 2016 में टीम ने गुजरात लायंस को हराया था, जबकि 2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उसे हार झेलनी पड़ी थी।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस का पहले क्वालिफायर में प्रदर्शन मिलाजुला रहा है। टीम ने अब तक दो बार पहला क्वालिफायर खेला है, जिसमें एक मैच जीता और एक हारा है। साल 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स ने जीटी को पहले क्वालिफायर में मात दी थी। ऐसे में धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां दोनों टीमें फाइनल में पहुंचने के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आएंगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal