मंत्रिमंडल की बैठक में प्रचंड गर्मी और लू की स्थिति पर चर्चा, मंत्रालय करेंगे अपने क्षेत्रों से जुड़े उपाय

नई दिल्ली : केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बुधवार को प्रचंड गर्मी और लू की स्थिति पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने आज राष्ट्र के नाम आह्वान भी किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर हर मंत्रालय अब गर्मी एवं लू से जुड़े अपने क्षेत्रों के आवश्यक उपाय करेंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल में मौजूदा लू की स्थिति पर सभी मंत्रियों के साथ चर्चा की गई। इस विषय पर एक्स पर आज प्रधानमंत्री ने राष्ट्र से आह्वान भी किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रत्येक मंत्रालय और विभाग ने आज अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा सकने वाले विशिष्ट कार्यों पर चर्चा की।

 

वैष्णव ने कहा, “प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की बड़ी चुनौतियों का सामना करते समय, हमें ‘पूरे राष्ट्र’ की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।”

 

उन्होंने बताया कि बैठक में लू के बीच नागरिकों को राहत प्रदान करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से स्वास्थ्य मंत्रालय, जल संसाधन क्षेत्र और अन्य संबंधित क्षेत्रों में लागू की जा सकने वाली सुविधाओं और उपायों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति के बीच नागरिकों से सतर्क रहने और सभी आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और जरूरतमंदों को पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com