ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। ब्रह्मानंद मोड़ के पास एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में डंपर चालक और सड़क किनारे झोपड़ी में रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, डंपर भद्रकाली तिराहे से होकर ब्रह्मानंद मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे। डिवाइडर सड़क के बाईं ओर बनी एक झोपड़ी पर आ गिरे, जहां एक महिला रह रही थी। महिला डिवाइडरों की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं डंपर चालक वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी भी जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कवींद्र सजवान ने बताया कि जवानों ने भारी कंक्रीट डिवाइडरों के नीचे दबी महिला के शव को बाहर निकाला। जबकि स्थानीय लोगों ने चालक को पहले ही वाहन के नीचे से निकाल लिया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक चालक की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं झोपड़ी में रहने वाली महिला की पहचान कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावड़ी, शिवपुरी के तौर पर की गई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और दुख का माहौल है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal