कर्नाटक में डिप्टी सीएम पद की लूट! कांग्रेस ने 4 उपमुख्यमंत्री बनाने का तैयार किया फॉर्मूला, डीके शिवकुमार की नई सरकार में कौन-कौन होगा?

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे के बाद बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस अब राज्य में डीके शिवकुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की तैयारी में जुट गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के फॉर्मूले पर गंभीर मंथन चल रहा है।

 

सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल, राज्यसभा चुनाव, एमएलसी चुनाव और नई सरकार के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा होगी।

 

बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली इस अहम बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, डीके शिवकुमार और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी शामिल होंगे। पार्टी के भीतर सरकार गठन को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है।

 

चार डिप्टी सीएम बनाने पर चर्चा

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि नई सरकार में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए चार उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। पार्टी नेतृत्व इस बात पर विचार कर रहा है कि राज्य के अलग-अलग समुदायों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देकर राजनीतिक संतुलन कायम रखा जाए।

 

सूत्रों के मुताबिक, सिद्धरमैया मंत्रिमंडल के कई मौजूदा मंत्रियों को नई कैबिनेट में जगह मिलना मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में कई नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना है।

 

सिद्धरमैया के बेटे को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे और विधान परिषद सदस्य यतींद्र सिद्धरमैया को डीके शिवकुमार की कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें कोई अहम मंत्रालय सौंपा जा सकता है, ताकि सिद्धरमैया की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया जा सके।

 

पार्टी के अंदर इसे सत्ता संतुलन और गुटीय समीकरणों को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक की तारीख आज तय किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह बैठक अब महज औपचारिकता बनकर रह गई है, क्योंकि डीके शिवकुमार के नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है।

 

इसके बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह की तारीख और मंत्रिमंडल गठन का कार्यक्रम तय किया जाएगा।

 

राज्यसभा और एमएलसी चुनाव पर भी फोकस

कर्नाटक में जल्द ही राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें कांग्रेस दो सीटों पर आसानी से जीत दर्ज करती दिख रही है, जबकि तीसरी सीट पर भी पार्टी मजबूत स्थिति में बताई जा रही है।

 

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला राज्यसभा की तीन सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों का पैनल हाईकमान के सामने पेश करेंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक बार फिर राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है।

 

इसके अलावा विधान परिषद (एमएलसी) की सात सीटों पर होने वाले चुनावों के लिए भी संभावित नामों की सूची तैयार की जा रही है, जिसे पार्टी नेतृत्व को सौंपा जाएगा।

 

राज्यपाल ने स्वीकार किया सिद्धरमैया का इस्तीफा

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने दोपहर में लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा, हालांकि उस समय राज्यपाल की अनुपस्थिति के कारण इस्तीफा तत्काल स्वीकार नहीं हो सका था।

 

अब राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धरमैया का इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। राज्यपाल ने जारी बयान में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का इस्तीफा स्वीकार किया जाता है और उनके नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है।

 

कर्नाटक में अब नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में कांग्रेस बड़े बदलावों का ऐलान कर सकती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com