नई दिल्ली। भारत की सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस को लेकर तुर्की में चिंता बढ़ती नजर आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार ग्रीस और साइप्रस भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक समझौता नहीं हुआ है।
तुर्की के रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ग्रीस को ब्रह्मोस मिसाइल मिलती है तो पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में शक्ति संतुलन पूरी तरह बदल सकता है। इससे तुर्की की रणनीतिक और सैन्य स्थिति पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
तुर्की के रक्षा विश्लेषक अर्दान ज़ेंटर्क ने कहा है कि ब्रह्मोस की मैक 3 गति, सटीक निशाना लगाने की क्षमता और जमीन, समुद्र व हवा से लॉन्च होने की क्षमता इसे बेहद खतरनाक बनाती है।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि साइप्रस इस संभावित डील में मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है, जिससे तुर्की की चिंता और बढ़ गई है।
ब्रह्मोस मिसाइल भारत और रूस के संयुक्त सहयोग से विकसित की गई एक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसे दुनिया की सबसे तेज और सटीक मिसाइलों में गिना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार इसकी लो-फ्लाइट क्षमता और तेज गति के कारण इसे रोकना बेहद मुश्किल माना जाता है, जिससे यह कई एयर डिफेंस सिस्टम के लिए चुनौती साबित हो सकती है।
फिलहाल भारत सरकार की ओर से ग्रीस या साइप्रस को ब्रह्मोस मिसाइल बेचने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal