जामनगर, गुजरात। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलोस विशेष विमान से गुजरात के जामनगर एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। उनके आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर मोटीखावड़ी स्थित रिलायंस परिसर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
बताया जा रहा है कि वे विश्व प्रसिद्ध वन्यजीव एवं पशु संरक्षण केंद्र “वनतारा” का दौरा करने पहुंचे हैं। टिफनी ट्रंप और माइकल बोलोस की यात्रा को देखते हुए जामनगर पुलिस सहित विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं। उनके काफिले में अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ वाहन, पायलट जीप और विशेष पुलिस एस्कॉर्ट वाहन शामिल थे। वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए एयरपोर्ट से मोटीखावड़ी तक पूरे मार्ग पर व्यापक बैरिकेडिंग की गई थी। काफिले के गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए सामान्य यातायात भी रोका गया, जिसके चलते खंभालिया रोड पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली।
टिफनी ट्रंप और माइकल बोलोस यहां रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा स्थापित वन्यजीव संरक्षण एवं पुनर्वास केंद्र “वनतारा” का दौरा करेंगे। वे देश-विदेश की विभिन्न दुर्लभ प्रजातियों के पशु-पक्षियों को देखेंगे तथा वन्यजीव संरक्षण, पुनर्वास और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी वैश्विक स्तर की व्यवस्थाओं की जानकारी विशेषज्ञों से प्राप्त करेंगे।
इस बीच टिफनी ट्रंप ने अपने आधिकारिक एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारत यात्रा के कई फोटो और वीडियो भी साझा किए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और अतिथि सत्कार की खुलकर सराहना की है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal