नई दिल्ली : भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमए और पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ई-काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 7 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, जबकि प्रथम सीट आवंटन 9 जून को जारी किया जाएगा।
आईआईएमसी ने इस वर्ष तीन नए एमए कार्यक्रम की शुरुआत की है जिसमें हेल्थ कम्युनिकेशन, मीडिया एंड कम्युनिकेशन गवर्नेंस तथा कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन एंड ब्रांड मैनेजमेंट शामिल हैं। इसके साथ ही संस्थान अब अपने छह परिसरों में कुल छह एमए कार्यक्रम संचालित करेगा।
बुधवार को संस्थान के प्रवेश प्रभारी एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. राकेश कुमार गोस्वामी ने बताया कि सभी एमए और पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश, केवल ई-काउंसलिंग के माध्यम से किया जाएगा। संस्थान के चार पारंपरिक पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम- अंग्रेजी पत्रकारिता, हिंदी पत्रकारिता, रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क भी इस वर्ष उपलब्ध रहेंगे।
एमए कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पास न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री और सीयूईटी-पीजी (सीओक्यूपी17) में वैध स्कोर होना आवश्यक है। वहीं, पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए स्नातक डिग्री के साथ सीयूईटी-पीजी स्कोर अनिवार्य है।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए 20 हजार रुपये की सीट स्वीकृति शुल्क जमा करनी होगी। संस्थान ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पूर्व प्रवेश सूचना और प्रॉस्पेक्टस ध्यानपूर्वक पढ़ने तथा अपनी प्राथमिकताएं सोच-समझकर भरने की सलाह दी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal