Ballia : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक रहे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के आरोपी ज्ञानेंद्र उर्फ मन्नू ने बलिया जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी पर हत्याकांड में इस्तेमाल की गई कार को खरीदने और उसे अपराधियों तक पहुंचाने का गंभीर आरोप है। बताया जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई लगातार उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानेंद्र उर्फ मन्नू पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित करीब 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसका एक ऑडियो-वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह सीएम और पीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करता नजर आया था।
इस बीच, उसकी पत्नी महिमा सिंह ने उसे निर्दोष बताते हुए कहा है कि उसे इस मामले में फंसाया गया है और उन्हें सीबीआई की जांच पर पूरा भरोसा है। उनका कहना है कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
गौरतलब है कि इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच के लिए सीबीआई ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और सभी संदिग्धों व आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। आत्मसमर्पण के बाद अब माना जा रहा है कि जांच एजेंसियां आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उससे पूछताछ कर सकती हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal