‘बेबी डू डाई डू’ में दिखेगा हुमा कुरैशी का एक्शन अवतार

अभिनेत्री हुमा कुरैशी की आगामी फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ की पहली झलक जारी कर दी गई है। फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है, जबकि इसका निर्माण सलीम सिब्लिंग्स के बैनर तले किया गया है। जारी वीडियो में हुमा को ‘बेबी करमारकर’ नामक किरदार में दिखाया गया है, जो एक रहस्यमयी कॉन्ट्रैक्ट किलर के रूप में नजर आती हैं। फिल्म की पहली झलक ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

 

फिल्म का परिचय एक एनिमेटेड वीडियो के जरिए कराया गया है, जिसमें मुंबई में हो रही सिलसिलेवार हत्याओं की कहानी दिखाई गई है। वीडियो में पुलिस और मीडिया एक रहस्यमयी हत्यारे की तलाश में जुटे दिखाई देते हैं, जबकि दूसरी ओर लाल छतरी लिए एक महिला शहर की सड़कों पर घूमती नजर आती है। कहानी में रोमांच तब बढ़ता है जब पता चलता है कि उसके छाते में एक बंदूक छिपी हुई है, जिसका इस्तेमाल वह दिनदहाड़े हत्याएं करने के लिए करती है।

 

हुमा कुरैशी ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, “आ गई अपनी फीमेल हिटवुमन।” इससे पहले भी वह फिल्म के पोस्टर शेयर कर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा चुकी हैं। निर्माताओं के अनुसार फिल्म का आधिकारिक टीजर जल्द ही रिलीज किया जाएगा, जिसमें कहानी और किरदारों की अधिक झलक देखने को मिलेगी। फिल्म में हुमा कुरैशी के अलावा सिकंदर खेर, चंकी पांडे, सीमा पाहवा, विद्या मालवदे और हिमांशु मलिक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। रोमांच और रहस्य से भरपूर यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com