कोलकाता : कैनिंग पूर्व के पूर्व विधायक और भांगड़ क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी शौकत मोल्ला को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी चिंगड़ीघाटा इलाके से उस समय की गई, जब वह कथित रूप से फरार होने की कोशिश में थे।
सूत्रों के अनुसार, शौकत मोल्ला के भागने की आशंका के बीच पकड़ा गया, हालांकि बाद में वह अपने ही जिले में छिपने का प्रयास कर रहे थे। उनके परिवार ने दावा किया है कि वह केंद्रीय एजेंसी के पास समर्पण करने जा रहे थे, जब उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनकी बेटी ने कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है बल्कि उन्होंने आत्मसमर्पण किया है।
सूत्रों का कहना है कि गुरुवार सुबह उनके जीवनतला स्थित आवास पर एनआईए की टीम ने छापेमारी की थी। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। टीम ने उनके पुत्र इमरान मोल्ला से पूछताछ की और घर की तलाशी ली। यह कार्रवाई भांगड़ के दक्षिण बामुनिया इलाके में हुए बम विस्फोट मामले से जुड़े जांच के सिलसिले में की गई, जिसमें विधानसभा चुनाव से पहले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
इस मामले में भारतीय सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के प्रमुख और भांगड़ के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने जांच की मांग की थी, जिसके बाद मामले की जांच पुलिस से लेकर एनआईए को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और इसी कड़ी में शौकत मोल्ला पर भी शिकंजा कसा गया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal