मध्य प्रदेश लीग में जबलपुर रॉयल लायंस ने इंदौर पिंक पैंथर्स को पांच विकेट से हराया

इंदौर : जबलपुर रॉयल लायंस ने मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। टीम ने अपने पहले मैच में इंदौर पिंक पैंथर्स को पांच विकेट से शिकस्त दी।

 

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जबलपुर रॉयल लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंदौर पिंक पैंथर्स ने बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 148 रन बनाए। जवाब में जबलपुर ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 149 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

 

149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अर्पित गौड़ बिना खाता खोले आउट हुए। इसके बाद अभिषेक भंडारी भी मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर विकेटकीपर बल्लेबाज अजय रोहेरा और आकर्ष सिंह ने तीसरे विकेट के लिए 29 रन की उपयोगी साझेदारी करके पारी को संभाला। यह साझेदारी तब टूटी जब 14 गेंदों पर 14 रन बनाने के बाद आकर्ष कैच आउट हो गए।

 

हालांकि, रोहेरा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी को संभाले रखा और शानदार अर्धशतक लगाया। वह 41 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए। बाद में ऋतिक टाडा ने आक्रामक पलटवार करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने गेंदबाजों पर दबाव बनाया और लगातार बाउंड्री लगाईं। टाडा ने 27 गेंदों पर 47 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। अंत में संजोग निज्जर और कप्तान राहुल बाथम ने दो ओवर शेष रहते टीम को जीत दिला दी। निज्जर 23 रन और बाधम 3 रन बनाकर नाबाद लौटे।

 

इंदौर की ओर से रोशन केवट ने 2 विकेट लिए, जबकि अन्वेश चावला, सिद्धांत अग्रवाल और विष्णु भारद्वाज ने एक-एक विकेट लिया।

 

इससे पहले इंदौर पिंक पैंथर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए थे। टीम की शुरुआत खराब रही। पहले दो ओवरों में ही टीम ने 14 रन के स्कोर पर 3 विकेट खो दिए। सिद्धार्थ पाटीदार 0 रन, अथर्व जोशी 8 रन, करण तहलियानी 4 रन बनाए।

 

कप्तान वेंकटेश अय्यर और सिद्धांत अग्रवाल ने 31 रन की उपयोगी साझेदारी करके पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 11 गेंदों पर 15 रन बनाकर अग्रवाल के आउट होने के बाद टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गवाएं। सारांश सुराना 22 रन, वेंकटेश अय्यर 33 रन और अन्वेश चावला 8 रन बनाए। आखिरी कुछ ओवरों में शुभम राठौर (24) और शिवम शुक्ला (नाबाद 28) ने बहुमूल्य रन बटोरे, जिससे टीम ने 20 ओवरों में 148/8 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

 

जबलपुर की ओर से पंकज पटेल सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट हासिल किए। कप्तान राहुल बाथम ने भी दो विकेट लिए, जबकि पुनीत दाते और रितिक टाडा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com