कप्तान शुभमन गिल का टेस्ट में जलवा जारी, बल्लेबाजी औसत सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से कम

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 177 गेंदों का सामना करते हुए 126 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक गिल 103 रन बनाकर नाबाद लौटे थे और दूसरे दिन भी उनकी नजरें बड़े स्कोर पर थीं, लेकिन वह पहले सत्र में 126 रन बनाकर आउट हो गए।

 

इस शतकीय पारी के साथ शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान एक हजार रन पूरे करने का महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया। वह सबसे कम दिनों में कप्तान के रूप में 1000 टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा वह पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर के बाद सबसे कम पारियों में बतौर कप्तान 1000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस पारी के बाद बतौर कप्तान उनके नाम 1076 रन हो गए हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 82.8 का है, जो कई दिग्गज कप्तानों से बेहतर है।

 

टेस्ट क्रिकेट में 1000 या उससे अधिक रन बनाने वाले कप्तानों में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी औसत के मामले में शुभमन गिल दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में महान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान डॉन ब्रैडमैन 101.5 की औसत और 3147 रन के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि गिल 82.8 की औसत और 1076 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा 69.6 की औसत और 1601 रन के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।

 

कप्तान बनने के बाद शुभमन गिल के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। कप्तानी संभालने से पहले उन्होंने अपने टेस्ट करियर की 59 पारियों में 35.06 की औसत से 1893 रन बनाए थे, लेकिन कप्तान बनने के बाद उनकी बल्लेबाजी नए स्तर पर पहुंच गई है। इंग्लैंड दौरे के बाद से बतौर कप्तान खेले गए नौ टेस्ट मैचों में वह छह शतक और एक अर्धशतक जड़ चुके हैं। यह आंकड़ा उनकी निरंतरता और मैच पर प्रभाव को दर्शाता है।

 

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा यह टेस्ट मैच भले ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा न हो, लेकिन शुभमन गिल लगातार रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले भारत के 11वें कप्तान बन गए हैं। कुल मिलाकर गिल ने अब तक 41 टेस्ट मैचों की 76 पारियों में 44.31 की औसत से 2969 रन बनाए हैं। उनके नाम 11 शतक और 8 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि वह सात बार नाबाद भी लौटे हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले समय में गिल टेस्ट क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com