लखनऊ यूनिवर्सिटी में हाईवोल्टेज ड्रामा: एक और छात्र पर गिरी निष्कासन की गाज, कैंपस में 10वें दिन भी डटे छात्र

Lucknow : नवाबों के शहर स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) में चल रहा गतिरोध अब और अधिक आक्रामक मोड़ पर पहुंच गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए अनुशासनहीनता के गंभीर आरोपों में बीए-एलएलबी (BA-LLB) के सेकेंड ईयर के एक और छात्र सत्यम यादव को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। प्रशासन ने इतने सख्त आदेश जारी किए हैं कि सत्यम को अब भविष्य में लखनऊ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध किसी भी डिग्री कॉलेज में दाखिला नहीं मिल सकेगा। दूसरी ओर, इस दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में यूनिवर्सिटी कैंपस के भीतर सरस्वती प्रतिमा के पास छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना आज 10वें दिन भी पूरी जिद के साथ जारी रहा, जिससे परिसर में भारी तनाव का माहौल है।

 

छात्रों के हक में उतरे सियासी सूरमा, पूर्व सांसद धनंजय सिंह का वीडियो हुआ वायरल

कैंपस के भीतर चल रहे इस छात्र आंदोलन की गूंज अब उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में भी सुनाई देने लगी है। धरने पर बैठे छात्रों को समर्थन देने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। इसी बीच, यूपी के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद धनंजय सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पूर्व सांसद ने छात्रों द्वारा फीस वृद्धि के खिलाफ किए जा रहे आंदोलन का खुलकर समर्थन किया है और विश्वविद्यालय प्रशासन के तानाशाही रवैये की आलोचना की है।

 

कुलसचिव दफ्तर पहुंची कांग्रेस की फौज, कहा- संवाद से निकले हल

यूनिवर्सिटी में बढ़ते बवाल के बीच गुरुवार को कांग्रेस का एक हाई-प्रोफाइल प्रतिनिधिमंडल सीधे कुलसचिव (Registrar) डॉ. भावना मिश्रा से मुलाकात करने पहुंच गया। कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई को तुरंत वापस लेने और हाल ही में बढ़ाई गई फीस पर पुनर्विचार करने की पुरजोर मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव से दोटूक कहा कि फीस बढ़ोतरी और निलंबन की कार्रवाई से छात्रों में भारी आक्रोश है, जिससे यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह बर्बाद हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने सलाह दी कि प्रशासन को बंद कमरों से बाहर निकलकर छात्रों के साथ मेज पर बैठकर संवाद के जरिए इस संकट का समाधान निकालना चाहिए।

कुलसचिव से वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

छात्रों की पैरवी करने के लिए कुलसचिव कार्यालय पहुंचे कांग्रेस के इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, सुरेंद्र यादव, पार्टी के वरिष्ठ नेता व मुख्य प्रवक्ता अंशु अवस्थी, कुलदीप दिवाकर, संजय सिंह, अंकित तिवारी, अमित राय, श्रवण गुप्ता, अब्दुल्ला आजम, आर्यन मिश्रा और शमी खान जैसे कद्दावर चेहरे शामिल रहे।

 

BCI के निरीक्षण में बाधा और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार का आरोप

कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, बीए-एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सत्यम यादव के खिलाफ यह एक्शन डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की गोपनीय जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। विश्वविद्यालय का दावा है कि जांच में छात्र पर प्रशासनिक कार्यों में बाधा डालने और मर्यादा के विपरीत आचरण करने के आरोप 100% सही पाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बीते 21 मई 2026 को सत्यम ने न्यू कैंपस के होमी जहांगीर भाभा हॉस्टल में अवैध रूप से प्रवेश किया था। ठीक उसी दिन बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की टीम का बेहद अहम निरीक्षण चल रहा था, जिसमें छात्र ने व्यवधान पैदा किया। इसके अलावा, उस पर सोशल मीडिया के जरिए यूनिवर्सिटी की छवि को धूमिल करने वाली भ्रामक खबरें फैलाने का भी दोषी पाया गया है।

‘पानी की टंकी’ पर चढ़ने की धमकी से लेकर अभद्रता तक का पुराना रिकॉर्ड

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी किए गए दस्तावेजों से यह भी साफ हुआ है कि निष्कासित छात्र सत्यम यादव पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है। फरवरी 2025 में छात्र ने व्हाट्सएप ग्रुप्स पर एक मैसेज वायरल किया था, जिसमें उसने मांगें पूरी न होने पर पानी की टंकी पर चढ़कर आत्मघाती प्रदर्शन करने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत तब पुलिस से भी की गई थी। इसके अलावा, चीफ प्रॉक्टर और हॉस्टल के मुख्य अधीक्षक (Chief Warden) के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने, धमकी देने और अपने समर्थकों के साथ कैंपस में जबरन घुसकर हुड़दंग मचाने के आरोप भी जांच रिपोर्ट में शामिल हैं। फिलहाल प्रशासन ने छात्र के यूनिवर्सिटी प्रवेश पर पूरी तरह बैन लगा दिया है, लेकिन देखना होगा कि इस कड़े फैसले के बाद 10 दिनों से धरने पर बैठे छात्र बैकफुट पर आते हैं या आंदोलन और उग्र रूप लेता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com