कासगंज में गरजे अखिलेश यादव: बंगाल को लूटा, बिहार में बेईमानी की… यही है बीजेपी का असली चेहरा

कासगंज : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना बिगुल फूंक दिया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कासगंज पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बंगाल को लूटा और बिहार में बेईमानी की, यही भाजपा का असली चेहरा है।

 

उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर को लेकर यूपी सरकार पर प्रहार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में नौजवान और किसान पूरी तरह त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा “मुँह से स्वदेशी, मन से विदेशी” की नीति पर चल रही है। कासगंज में सपा के पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव के उर्मिला गार्डन का उद्घाटन करने पहुंचे अखिलेश यादव ने डबल इंजन की सरकार पर जमकर हमला बोला। इसी दौरान पूर्व सांसद की हजारों समर्थकों के साथ सपा में वापसी हुई।

 

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीडीए के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। प्रदेश के नेताओं के इशारे पर फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। भाजपा के लोगों ने पीडीए के लोगों की नौकरियां छीनी हैं। पेपर आउट और पेपर लीक का रिकॉर्ड बन गया है। नीट का पेपर भी लीक हुआ है; ऐसी कोई परीक्षा नहीं है जो लीक न हुई हो।

 

उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये महीना दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वोटर लिस्ट पर ध्यान दें और सतर्क रहकर मतदाता सूची का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा असर किसानों पर पड़ा है। डॉलर की कीमत कहां पहुंच गई है और रुपये के साथ इसका क्या तालमेल है, यह समझना जरूरी है। प्राथमिक स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जिससे गरीब बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

 

उन्होंने कहा कि “सोने की चिड़िया” कहलाने वाला भारत आज किस स्थिति में है। जैसे-जैसे डॉलर ऊपर जाएगा, चाय की कीमत भी बढ़ेगी। डॉलर 100 के करीब पहुंच गया है। पूरे देश के किसान काले कानून के विरोध में एकजुट हुए, जिनमें कई किसानों की जान भी गई। किसानों को कोई कानूनी अधिकार नहीं मिला। यह पहली सरकार है जिसने कोई नई मंडी नहीं बनाई।

 

उत्तर प्रदेश में एक भी नई मंडी नहीं बनने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को लूटने में लगी है। महंगाई ने आम लोगों और किसानों की खुशहाली छीन ली है। सरकार बनने पर एंबुलेंस सेवा और रोजगार दोनों को मजबूत किया जाएगा।

 

पिछले लोकसभा चुनाव में डबल इंजन सरकार का धुआं निकल गया। कासगंज पौराणिक धरती है और हिंदू-मुस्लिम एकता की पहचान रही है। आजादी के आंदोलन से लेकर देश को आगे बढ़ाने में सभी ने मिलकर योगदान दिया है। बिजली उत्पादन और कारखाने समाजवादी पार्टी सरकार ने लगाए थे।

 

इंटरनेट को गांव-गांव और शहर-शहर जोड़ने का काम भी सपा सरकार ने किया था। सपा सरकार में दिए गए लैपटॉप कभी खराब नहीं हुए। भाजपा नौजवानों को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। गांव-गांव एंबुलेंस सेवा सपा सरकार की देन है, जिसे वर्तमान सरकार ने बदहाल कर दिया है। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं मिलते।

 

उन्होंने कहा कि पहले नेताओं ने जिन अस्पतालों की शुरुआत की थी, वहां गरीबों का मुफ्त इलाज होता था। स्मार्ट मीटर लगाकर गरीबों को लूटा जा रहा है। पेट्रोल-डीजल में मिलावट हो रही है, जिससे गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं। सिलेंडर महंगा हो गया है।

 

विदेश नीति असफल होने के कारण देश की जनता को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा के नेता कहते हैं कि भारत विश्व गुरु बन रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। इस अवसर पर पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया और नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ अपने संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का भी आभार व्यक्त किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com