दिल्ली : रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने के बाद फटे 3 कमर्शियल सिलेंडर, दमकलकर्मियों ने बुजुर्ग महिला को मौत के मुंह से निकाला

Delhi Fire : दिल्ली के कालकाजी इलाके में रविवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। आग की चपेट में आने से तीन कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर फट गए, जिससे धमाके हुए। इस हादसे में रेस्टोरेंट में फंसी एक बुजुर्ग महिला को दमकल कर्मियों ने जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सुरक्षित बाहर निकाला।

 

घटना रविवार सुबह करीब 5:15 बजे की है। जानकारी के अनुसार, यह रेस्टोरेंट देश बंधु गुप्ता कॉलेज के पास स्थित है। आग लगने के कारण का अभी स्पष्ट तौर पर पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। आग लगने के बाद तेज़ी से पूरे रेस्टोरेंट में फैल गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

 

आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां पहुंचीं और उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान, रेस्टोरेंट का ऊपर का हिस्सा एक अस्थायी ढांचे से बना हुआ था, जिसमें आग लगने से धमाके हुए। सौभाग्यवश, उस समय रेस्टोरेंट खुला नहीं था, जिससे किसी की जान खतरे में नहीं आई। बगल की इमारत में मौजूद करीब 10 से 12 लोगों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है।

एसडीएम वेद प्रकाश ने बताया, “मुझे सुबह करीब 5:15 बजे इस घटना के बारे में कॉल आया। आग ऊपर की मंजिल पर बने एक अस्थायी ढांचे में लगी थी। फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया गया। उस समय रेस्टोरेंट खुला नहीं था। आग लगने की सही वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की संभावना है। बगल की इमारत से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। हमारी टीम मौके पर स्थिति संभाल रही है और जिला मजिस्ट्रेट भी जल्द ही पहुंचेंगे।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com