‘मां मुझे माफ कर देना…’ मर्सिडीज वालों की पिटाई से टूटे ट्रक ड्राइवर ने लगाई फांसी, आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर लाइव आकर बयां किया दर्द

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना के बाद कथित मारपीट और धमकियों से आहत 25 वर्षीय ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू ने आत्महत्या कर ली। यह घटना महासमुंद निवासी युवक की है, जिसने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर करीब आठ वीडियो पोस्ट कर अपनी पीड़ा साझा की थी।

 

वीडियो में उसने कहा, “माफ कर देना मां, मुझे मर्सिडीज वालों ने बहुत मारा। मैं अपनी जिम्मेदारियों को निभा नहीं पाया। लक्ष्मण भैया, मेरी कोई गलती नहीं थी। मैंने ब्रेक लगाया था, लेकिन गाड़ी कंट्रोल नहीं हो पाई। मर्सिडीज वालों ने मुझे बहुत मारा और परिवार को बर्बाद करने व जान से मारने की धमकी दी।”

 

बताया जा रहा है कि मर्सिडीज गाड़ी बीजापुर की है, जो आतिफ अफरोज पाशा के नाम पर रजिस्टर्ड है। युवक रायपुर के एक ट्रांसपोर्टर का ट्रक चलाता था। घटना गुरुवार को हुई, जब वह जगदलपुर से सामान लेकर गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंजारी घाट पर उसकी टक्कर मर्सिडीज से हो गई।

 

घटना के तुरंत बाद इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ट्रक के मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। गीदम एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के अनुसार, पुलिस टीम बंजारी घाट के पास मुख्य सड़क से लगभग 30-40 मीटर भीतर जंगल में पहुंची, लेकिन तब तक युवक एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।

 

दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि, “इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो, दुर्घटना की परिस्थिति और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com