नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में खरीदारों ने बढ़त बना ली। पहले डेढ़ घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.51 प्रतिशत और निफ्टी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती डेढ़ घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड, श्रीराम फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ, आयशर मोटर्स और इंटर ग्लोब एविएशन के शेयर 0.19 प्रतिशत से लेकर 0.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एनटीपीसी, बजाज ऑटो, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 0.08 प्रतिशत से लेकर 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 3,041 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,294 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 747 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 262.44 अंक की तेजी के साथ 76,526.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार चढ़ाव होने लगा। लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 76,702.33 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 76,443.34 अंक तक गोता भी लगाया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले डेढ़ घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:45 बजे सेंसेक्स 392.56 अंक की बढ़त के साथ 76,656.89 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 70 अंक उछल कर 23,923.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी को सपोर्ट से निफ्टी बढ़ कर 23,972.75 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली शुरू हो जाने पर यह 23,888.20 अंक के स्तर तक गिर भी गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच निफ्टी शुरुआती डेढ़ घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:45 बजे 113.75 अंक की मजबूती के साथ 23,967.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 736.38 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,264.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 231 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,853.90 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal