नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में विवादों का लंबा दौर रहा है, लेकिन पहले ही सीजन (2008) में हुआ ‘भज्जी-श्रीसंत स्लैपगेट विवाद’ भारतीय क्रिकेट का एक ऐसा काला अध्याय है जिसकी गूंज आज 18 साल बाद एक बार फिर तेज हो गई है। हाल ही में आईपीएल के पहले चेयरमैन ललित मोदी ने इस ऐतिहासिक थप्पड़कांड का फुटेज लीक कर दिया, जिसने डेढ़ दशक से छिपे इस विवाद से पूरी तरह पर्दा उठा दिया।
कैमरे पर हुई इस घटना की तस्वीरें अब तक दुनिया की नजरों से दूर थीं, लेकिन इस वीडियो के सामने आते ही दोनों क्रिकेटरों के पुराने घाव एक बार फिर हरे हो गए हैं। इस बीच पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने ‘लल्लनटॉप शो’ में एक बेहद आक्रामक बयान देकर इस पूरे विवाद में पेट्रोल छिड़कने का काम कर दिया है, जिससे साफ है कि उनका दर्द आज भी कम नहीं हुआ है।
‘क्या रिंग में आने की हिम्मत है?’: श्रीसंत का हरभजन को ओपन चैलेंज
एक मीडिया शो में जब स्क्रीन पर श्रीसंत और हरभजन सिंह की बॉक्सिंग ग्लव्स पहने एक पुरानी तस्वीर दिखाई गई, तो श्रीसंत ने बिना वक्त गंवाए सीधे ऑन-कैमरा हरभजन सिंह को चैलेंज दे डाला। उन्होंने कहा कि वह इस पुराने मसले को हमेशा के लिए सुलझाने के लिए बॉक्सिंग रिंग के अंदर उतरकर हरभजन के साथ फाइट करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दरअसल, फ्लिपकार्ट के एक विज्ञापन में हरभजन सिंह थप्पड़ दिखाकर चीखते हुए कहते हैं, “सही से थप्पड़ लगाओ, सब ठीक हो जाता है,” जो श्रीसंत और उनके फैंस के गले नहीं उतर रहा है। श्रीसंत ने नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या आप में हिम्मत है? क्या मेरे साथ रिंग में आने की हिम्मत है? क्या आप साइन करके आ सकते हो? मैं उनसे पूछ रहा हूं। यह एक्टिंग नहीं है, मैं मुस्कुरा रहा हूं और आप मुस्कुरा भी नहीं रहे। देखते हैं, यह एक खुली चुनौती है।”
श्रीसंत यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपनी चुनौती को और मजबूत करते हुए हरभजन सिंह से कहा कि वे विज्ञापनों या सार्वजनिक तंज के बजाय असल मुकाबले में अपने मतभेद सुलझाएं। उन्होंने इसे आत्म-सम्मान का मामला बताते हुए कहा, “भज्जी पा, मैं आपको चुनौती देता हूं। अगर थप्पड़ वाली घटना और मुझसे इतनी ही दिक्कत है और आप विज्ञापनों से इतना कमाते हो, तो मुझे भी कमाने दो।
रिंग में आओ, मैं आपको दिल से बुला रहा हूं। अगर हममें थोड़ा भी आत्म-सम्मान है, तो चलिए विज्ञापन वगैरह न करें। असल तरीके से, सभी मलयालियों और सभी सरदारों के लिए, प्लीज आओ, मैं इंतजार कर रहा हूं।” श्रीसंत ने यह भी साफ किया कि इस पूरी हरकत के बाद उनका दिल बुरी तरह टूट गया है और उन्होंने हरभजन सिंह से अपने सारे रिश्ते पूरी तरह खत्म कर लिए हैं।
जब श्रीसंत की बेटी की बात सुनकर हरभजन की आंखों में आए आंसू
इस विवाद के दूसरे पहलू पर बात करते हुए हरभजन सिंह ने पहले कहा था कि जो कुछ 2008 में हुआ, उसके लिए वह आज भी बेहद शर्मिंदा हैं और श्रीसंत से 200 बार माफी मांग चुके हैं। भज्जी के मुताबिक, अगर वे अपने जीवन की कोई एक घटना बदल सकते, तो वह यही वाकया होता। हरभजन ने रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब शो ‘कुट्टी स्टोरीज’ में बताया था कि एक बार वे श्रीसंत की बेटी सान्विका से प्यार से बात कर रहे थे, लेकिन उसने भज्जी से बात करने से साफ मना कर दिया क्योंकि उन्होंने उसके पापा को मारा था। भज्जी ने कहा, “यह सुनकर मेरा दिल टूट गया और आंखों में आंसू आ गए।
मैं सोच रहा था कि मैंने इस बच्ची पर क्या इंप्रेशन छोड़ा है? वह मुझे सिर्फ उस आदमी के रूप में देखती है जिसने उसके पापा को मारा।” खुद श्रीसंत ने भी एक यूट्यूब इंटरव्यू में इस वाकये की पुष्टि करते हुए बताया था कि जब उन्होंने अपनी बेटी को भज्जी से मिलवाया था, तो सान्विका ने उन्हें ‘हाय’ कहने से मना कर दिया था।
ललित मोदी का बड़ा खुलासा: टीआरपी के लिए भी बनते थे विवाद
ललित मोदी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान पूर्व ब्रिटिश कप्तान माइकल वॉन और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क को बताया कि आईपीएल की टीआरपी बढ़ाने के लिए कभी-कभी विवाद जानबूझकर भी बनाए जाते थे। हालांकि, भज्जी-श्रीसंत मामले पर उन्होंने कहा कि वह इस फुटेज को इसलिए छुपाना चाहते थे क्योंकि भज्जी उनके करीबी दोस्त हैं। ललित मोदी के अनुसार, 25 अप्रैल 2008 को मुंबई इंडियंस और किंग्स XI पंजाब के मैच के बाद मुंबई के स्टैंड-इन कप्तान हरभजन सिंह ने हैंडशेक के दौरान श्रीसंत को ‘बैकहैंड स्लैप’ (उल्टे हाथ से थप्पड़) मार दिया था।
चूंकि उस वक्त टीवी कैमरे बंद हो चुके थे, इसलिए सिर्फ श्रीसंत के रोने की तस्वीर सामने आई जो जमकर वायरल हुई थी। मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस पर कहा कि आईपीएल का पहला साल होने के कारण सबने वादा किया था कि यह वीडियो पब्लिक डोमेन में नहीं आएगा, क्योंकि यह लीग की छवि के लिए ठीक नहीं था।
लीक वीडियो पर भड़कीं श्रीसंत की पत्नी; हरभजन ने भी जताई नाराजगी
इस वीडियो के लीक होने के बाद सोशल मीडिया पर एक नया संग्राम शुरू हो गया है। श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने इंस्टाग्राम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ललित मोदी और माइकल क्लार्क, आपको शर्म आनी चाहिए। आप सस्ती पब्लिसिटी के लिए 2008 की बात को दोबारा खोद रहे हो। दोनों अब पिता बन चुके हैं और उनके बच्चे स्कूल जाते हैं। पुराने घावों को इस तरह कुरेदना बेहद शर्मनाक, अमानवीय और पत्थरदिल जैसा बर्ताव है।” वहीं दूसरी तरफ हरभजन सिंह का भी मीडिया में बयान आया है, जिसमें उन्होंने वीडियो लीक करने को गलत ठहराया है।
भज्जी ने कहा, “वीडियो लीक करना पूरी तरह गलत था और इसके पीछे कोई स्वार्थपूर्ण मकसद होगा। 18 साल पहले की बात लोग भूल चुके थे, जिसे अब फिर याद दिलाया जा रहा है। मुझसे गलती हुई थी जिसके लिए मुझे शर्म आती है और मैंने इसके लिए भगवान गणेश से भी माफी मांगी है, लेकिन इस तरह वीडियो लीक करना बेहद गलत था।”
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal