मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर चुनावी रणभेरी बजने लगी है। हालांकि चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन मेरठ का सियासी इंजन पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है और जमीनी स्तर पर चुनावी फीडबैक जुटाने का काम तेज कर दिया गया है। भाजपा के बारे में अक्सर कहा जाता है कि वह हमेशा चुनावी मोड में रहती है, और इसी रणनीति के तहत पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से अपनी चुनावी मशीनरी को सक्रिय कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे जनसंपर्क अभियान को संगठन विस्तार और बूथ मजबूती से जोड़ते हुए भाजपा के नेता और कार्यकर्ता घर-घर पहुंच रहे हैं।
क्षेत्र में नेताओं के दौरे लगातार बढ़ रहे हैं और कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन को हमेशा एक्टिव मोड में बनाए रखने के लिए बाहरी नेताओं के मेरठ दौरे लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, वहीं मेरठ के नए प्रभारी मंत्री असीम अरुण को भी क्षेत्र में अपनी गतिविधियां और दौरे और ज्यादा बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले संगठन जितना अधिक सक्रिय रहेगा, उसका सीधा लाभ मतदान के समय पार्टी को मिलेगा।
भाजपा इस समय पांच जून से 21 जून तक एक विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है, जिसकी शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस से हुई थी और इसका समापन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता गांवों तथा शहरों में घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभावशाली मतदाताओं से सीधा संपर्क साधकर उनका फीडबैक भी लिया जा रहा है। इस महाअभियान में सांसद अरुण गोविल, प्रभारी मंत्री असीम अरुण, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, सुनील भराला और कैंट विधायक अमित अग्रवाल लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
संभावित दावेदार भी जनसंपर्क अभियान में जुटे
दिलचस्प बात यह है कि पार्टी के वर्तमान जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आने वाले चुनाव में टिकट के संभावित दावेदार भी इस जनसंपर्क अभियान में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। भाजपा की इस रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है, जिसके लिए पार्टी पदाधिकारी लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं और जमीनी स्तर से जरूरी सुझाव भी ले रहे हैं। इसके अलावा युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने के प्रयास भी काफी तेज कर दिए गए हैं, ताकि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं का नेटवर्क और अधिक मजबूत हो सके।
एमएलसी चुनाव पर भाजपा की नजर
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ इस वर्ष होने वाले स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव भी भाजपा की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल हैं। पार्टी ने मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट से वर्तमान एमएलसी श्रीचंद शर्मा को दोबारा अपना उम्मीदवार बनाया है और चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए बनाए गए प्रभारी इस संबंध में लगातार बैठकें कर रहे हैं।
मेरठ महानगर के प्रभारी व प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे और मेरठ जिला प्रभारी मान सिंह गोस्वामी भी लगातार संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियों को धार देने में जुटे हैं, ताकि आने वाले हर छोटे-बड़े चुनाव में पार्टी को बड़ी सफलता मिल सके।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal