जिसके पास योग से तपा शरीर है वहां रोग और बुढापा नहीं होते : योगी आदित्यनाथ

झांसी : झांसी प्रवास के दूसरे दिन 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक झांसी किले की तलहटी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की भारतीय परंपरा है। उन्होंने कहा, “हमें नियमित योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। जिसके पास योग से तपा हुआ शरीर है, वहां न रोग होता है और न ही बुढ़ापा जल्दी आता है। इन समस्याओं से बचने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।”

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सूर्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सूर्य हम सभी की जीवंतता और ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है। वर्ष में दो बार होने वाले दुर्गा अनुष्ठान भी ऊर्जा साधना के महत्वपूर्ण काल होते हैं। उन्होंने कहा कि योग दिवस का उद्देश्य सूर्य की ऊर्जा को आत्मसात कर जीवन को नई दिशा देना है। योग की परंपरा आदि योगी भगवान शिव के समय से चली आ रही है और यह भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरी दुनिया योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रही है। इससे भारत की संस्कृति, परंपरा और विरासत को विश्व मंच पर सम्मान मिला है तथा 140 करोड़ भारतीयों का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।

 

इस दौरान सुबह 6 से 8 बजे तक उन्होंने लोगों के साथ योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास भी किया।

 

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति मानवेंद्र सिंह, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सांसद अनुराग शर्मा, विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, विधायक राजीव सिंह ‘परीछा’, भाजपा के दोनों जिलाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अधिकांश जनप्रतिनिधियों का नाम लिया, लेकिन एक एमएलसी का नाम उल्लेखित न होने की चर्चा कार्यक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में होती रही।

 

झांसी किले में आयोजित इस योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने भी भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com