अजमेर में NEET परीक्षा के दौरान भारी हंगामा : बुर्का पहनकर आई छात्रा को रोका, कलेक्टर के दखल के बाद मिली एंट्री

राजस्थान के अजमेर में NEET री-एग्जाम के दौरान एक केंद्र पर बुर्का पहने छात्रा को प्रवेश नहीं देने को लेकर भारी हंगामा मच गया। राजस्थान के अजमेर शहर के सावित्री क्षेत्र में स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा केंद्र पर बुर्का पहने युवती को एंट्री नहीं देने पर विवाद शुरू हो गया। यह मामला तब तूल पकड़ गया जब छात्रा, ब्यावर जिले की रहने वाली कुलसुम, बुर्का पहनकर परीक्षा देने पहुंची।

 

प्रारंभिक रूप से, केंद्र व्यवस्थापक और सुरक्षा कर्मियों ने बुर्का पहने छात्रा को अंदर प्रवेश नहीं दिया। इस पर छात्रा और उसके बुजुर्ग पिता मोहम्मद आरिफ के बीच काफी देर तक बहस हुई। सुरक्षा गार्ड बुर्का पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने को तैयार नहीं थे। इस दौरान, कुलसुम ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन दिखाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।

 

हंगामे की खबर फैलते ही अजमेर के जिला कलेक्टर लोकबंधु भी मौके पर पहुंचे। मीडिया के कैमरों के सामने, सुरक्षा जांच के बाद परीक्षा केंद्र में छात्रा का प्रवेश कर दिया गया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के कारण कुलसुम को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद, जिला कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं, छात्रा और उसके पिता ने इस घटना का कड़ा विरोध किया। उनका कहना था कि मई में भी उन्होंने बुर्का पहनकर ही परीक्षा दी थी और इस बार भी समय से पहले केंद्र पहुंच गए थे, इसलिए उन्हें रोका नहीं जाना चाहिए था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com