जलपाईगुड़ी में भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रेलर से टकराई NBSTC की बस, 2 यात्रियों की मौत, 50 से अधिक घायल

जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें उत्तर बंग राज्य परिवहन निगम (NBSTC) की बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई और 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

 

मयनागुड़ी के उल्लाडाबरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुई इस घटना के अनुसार, सिलीगुड़ी से कूचबिहार जा रही NBSTC की बस सड़क के किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जाकर टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बस के अंदर घुस गया, जिससे कई यात्री बस के भीतर फंस गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई। घायलों को तुरंत ही जलपाईगुड़ी के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी विभाग में भर्ती कराया गया है। वहीं, 16 घायल मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल में उपचाराधीन हैं। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन चिकित्सकों ने उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

 

मयनागुड़ी थाना के प्रभारी (आईसी) सुबल चंद्र घोष ने बताया कि खड़े ट्रेलर से बस की टक्कर इस हादसे का कारण बनी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया, और घायलों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास एम.पी. ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी घायलों का उपचार जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com