गोरखपुर। Gorakhpur Tripple Murder : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ट्रिपल हत्याकांड का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि नाबालिग ने पैसों के लेनदेन को लेकर अपने बड़े भाई, भाभी और उनके बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की मासूम बेटी की गवाही पर आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार भी बरामद कर लिया है। मृतक के पिता का कहना है कि घटना में पांच लाख रुपये की लेनदेन का विवाद मुख्य कारण था।
यह मामला बांसगांव थाना क्षेत्र के बांसगांव कस्बे का है, जहां रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि करीब ढाई बजे 16 वर्षीय छोटे भाई ने अपने बड़े भाई अमित गुप्ता (35 वर्ष), भाभी रंजना गुप्ता (28 वर्ष) और उनके तीन वर्षीय बच्चे रेयांश की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।
मासूम बच्ची की गवाही ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा
मृतक की सात वर्षीय बेटी रूबिका ने बताया कि वह अपनी माँ-पापा के साथ कमरे में सो रही थी। तभी आरोपी चाचा कमरे में आया और उसने उसके पिता, माता और छोटे भाई को मार डाला। उसने बताया कि उसने चाचा को मना किया कि वह उसकी माँ और छोटे भाई को मत मारे, लेकिन वह नहीं माना और दोनों का गला काट दिया। उसने यह भी बताया कि उसने पहले अपने पिता को मारा और फिर घटना की जानकारी दादी को दी।
पैसे के विवाद में की हत्याएं
मृतक अमित गुप्ता के पिता हरिलाल गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने दो महीने पहले उन्हें और उनकी पत्नी को मारने की कोशिश की थी। उसका कहना था कि उसे पांच लाख रुपये चाहिए, जो वे नहीं दे सके। इस बात की शिकायत वे थाने पर भी कर चुके हैं। पुलिस भी बार-बार समझाइश कर चली जाती थी। रात में पोती भाग कर आई और घटना के बारे में बताया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी।
गोरखपुर के एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि यह हत्या घटना आरोपी छोटे भाई द्वारा ही अंजाम दी गई है। उसे हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ जारी है। साथ ही, आरोपी का आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है। मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal