फीफा विश्व कप 2026 : घाना की मजबूत रक्षा के आगे बेबस हुआ इंग्लैंड, खेला गोलरहित ड्रॉ

मैसाचुसेट्स : फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप एल मुकाबले में घाना ने शानदार रक्षात्मक प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 0-0 की बराबरी पर रोक दिया। बोस्टन स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ियों के कई प्रयास घाना की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति के सामने नाकाम रहे।

 

हैरी केन और जूड बेलिंगहम की अगुवाई में इंग्लैंड ने पूरे मैच में आक्रमण करने की कोशिश की, लेकिन घाना के खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल दिखाते हुए कोई मौका नहीं दिया। इस ड्रॉ के साथ घाना के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और वह केवल बेहतर गोल अंतर के आधार पर इंग्लैंड से पीछे है।

 

इंग्लैंड को मैच जीतने का सबसे बड़ा अवसर निर्धारित समय के अंतिम क्षणों में मिला। स्थानापन्न खिलाड़ी निको ओ’राइली ने दाएं छोर से आए क्रॉस पर शानदार हेडर लगाया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकराकर वापस आ गई। इसके बाद मिले मौके पर हैरी केन भी गेंद को गोल में नहीं पहुंचा सके और उनका शॉट बार के ऊपर चला गया।

 

दूसरे हाफ में इंग्लैंड के मुख्य प्रशिक्षक थॉमस टुखेल ने आक्रामकता बढ़ाने के लिए मॉर्गन रोजर्स और एबेरेची एज़े को मैदान पर उतारा, लेकिन इससे भी टीम के खेल में कोई खास बदलाव नहीं आया।

 

घाना की टीम ने पूरे मुकाबले में संयमित खेल दिखाया और इंग्लैंड के लगातार हमलों को विफल करते हुए महत्वपूर्ण एक अंक हासिल किया।

 

अब इंग्लैंड अपने अगले मुकाबले में न्यू जर्सी में पनामा से भिड़ेगा, जबकि घाना की टीम फिलाडेल्फिया में क्रोएशिया का सामना करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com