रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में पिपलोदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हतनारा में गुरुवार रात मुहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। इस हादसे में 10 से ज्यादा लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बुरी तरह झुलसे 7 लोगो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जुलूस में करीब 200 लोग शामिल थे। इसी दौरान लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया। बिजली लाइन काफी नीचे थी। ताजिया के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और आगे चल रहे कई लोग जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शी इमामुद्दीन मंसूरी ने बताया कि जुलूस के दौरान इसी ताजिया के हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से करंट फैल गया। हादसे के समय मौके पर न पुलिस थी और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी। ताजिया में बिजली का करंट फैलने के बाद भगदड़ मच गई। कई लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ही मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों की मृत घोषित कर दिया गया।
मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। हालांकि, अरबाज के परिजन उसे अस्पताल से कहीं और ले गए। इस कारण प्रशासन ने 2 मौतों की पुष्टि की है, जबकि ड्यूटी डॉक्टर रविंद्र सोलंकी ने तीन मौतों की पुष्टि की है। सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना पिपलोदा के हतनारा गांव की है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में अनास (16) पुत्र अकरम, मोइन शाह (35) पुत्र इश्क शाह, रहीम खान, अख्तियार खान, इरफान, शाहरुख, शकील, रईस, मोहम्मद और वहीद शामिल हैं। वहीं इब्राहिम पुत्र हनीफ को रतलाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रतलाम मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्र सोलंकी ने बताया कि तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। तीन मृतकों में से दो के परिजन औपचारिक कागजी प्रक्रिया पूरी किए बिना उन्हें अपने साथ ले गए। उन्हें बता दिया गया था कि उनकी धड़कनें बंद हो चुकी हैं। एक शव को मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।
रतलाम एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
इधर, घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें करंट लगने के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। लोग चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग जमीन पर पड़े दिख रहे हैं। आसपास के लोग घायलों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
————–
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal