वेनेजुएला भूकंप : भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत राहत सामग्री लेकर रवाना हुए वायुसेना के दो विमान

नई दिल्ली : वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हाल ही में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने संकट की इस घड़ी में मानवीय सहायता के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। भारतीय वायुसेना के दो विमान ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत शुक्रवार को आवश्यक राहत सामग्री और चिकित्सा उपकरण लेकर वेनेजुएला के लिए रवाना हो गए।

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस मानवीय सहायता अभियान के तहत भारत की ओर से बड़े पैमाने पर चिकित्सा एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरण भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री में एक फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, 35 टन से अधिक राहत सामग्री तथा दो ‘भीष्म क्यूब्स’ शामिल हैं, जिनका उपयोग आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा सहायता और राहत कार्यों के लिए किया जाएगा।

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला की सरकार और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी सहयोग जारी रखेगा।

 

उल्लेखनीय है कि काराकास और उसके आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में 7.5 और 7.2 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे व्यापक तबाही हुई है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है और अब तक 200 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है। बड़ी संख्या में इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है, जबकि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।————-

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com