राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपी कोर्ट में पेश, 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय फैजाबाद में पेश किया गया। कोर्ट में सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

आरोपियों को एसओजी प्रभारी अपनी टीम के साथ न्यायालय लेकर पहुंचे। पेशी से पहले सभी आरोपियों का पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

 

आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) और सिविल जज जूनियर डिवीजन निवेदिता सिंह के समक्ष पेश किया गया। इस दौरान एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी भी पूरे समय न्यायालय परिसर में मौजूद रहे। आम लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।

 

सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को अयोध्या जिला जेल भेज दिया गया। अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने बताया कि आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोमवार को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 79 लाख 85 हजार 493 रुपये बरामद किए गए हैं। इनमें से आरोपी सुभाष के पास से कोई रकम बरामद नहीं हुई, लेकिन उसे साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों से अलग-अलग मात्रा में पैसे बरामद हुए हैं।

 

अधिकारियों के मुताबिक, मामले में सरकारी कर्मचारी, सरकार से वेतन पाने वाले लोग और एसबीआई के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से जुड़ी विशेष अदालत की सुनवाई नहीं होने के कारण आरोपियों को सोमवार तक की न्यायिक हिरासत मिली है। मामले की जांच जारी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com