पूर्वी भारत के गंगा के मैदानी इलाकों वाले राज्यों में अगले छह दिनों के दौरान भारी वर्षा होने के आसार

नई दिल्ली : पूर्वी भारत के गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में 28 जून से 3 जुलाई के दौरान झमाझम वर्षा का दौर फिर से शुरू होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) पूर्वानुसार, दिल्ली-एनसीआर में रविवार को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। इस दिन यहां तेज हवाएं चलने और दोपहर बाद हल्की वर्षा होने का अनुमान है।

 

आईएमडी के अनुसार राजधानी में कल हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 50 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। राजधानी मे कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39-41 डिग्री सेल्सियस और 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 29 जून को भी लगभग यही स्थिति रह सकती है। 30 जून को भी यही स्थित रहेगी लेकिन तापमान पहले से 2 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है।

 

फिलहाल, आज का मौसम जस का तस बना हुआ है। आज के दिन हल्की वर्षा का पूर्वानुमान लगाया गया था लेकिन स्थानीय लोगों को तीखी धूप, भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी धीमी गति से राज्यों के अन्य क्षेत्रों में बढ़ रहा है। इनमें गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड जैसे अन्य राज्य शामिल हैं जहां अनुकूल परिस्थितियां हैं और मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। पूर्वोत्तर में जारी भारी वर्षा अगले दो दिनों तक जारी रह सकती है जबकि कुछ राज्यों में 28 जून से लेकर 3 जुलाई तक वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, कुछ राज्यों के मौसम में अभी भी तपन है। इनमें उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के अलग-अलग क्षेत्र शामिल है। यहां दो दिनों के दौरान भीषण लू चलने की बहुत संभावना है।

 

इसके अलावा, कुछ राज्य भीषण गर्मी, उमस और लू की चपेट से मुक्त रहने के आसार हैं। यहां केवल तेज हवा का प्रवाह रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान ये हवाएं तूफानी रूप धारण कर सकती हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जन-जीवन प्रभावित होने का अनुमान है।

 

नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के अलग-अलग जगहों पर 28 जून से 3 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 28-29 जून को, असम और मेघालय में 29-30 जून को घनघोर वर्षा होने के आसार हैं। 28 जून को असम और मेघालय में कई जगहों पर भारी बारिश और कुछ जगहों पर इससे भी झमाझम बारिश होने की संभावना है।

 

उत्तर-पश्चिम भारत में 30 जून तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन 3 जुलाई तक इसमें धीरे-धीरे 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मध्य भारत में 30 जून तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन 3 जुलाई तक इसमें धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। पूर्वी भारत में 28 जून तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।

 

बिहार और हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ इलाकों में 28 जून को लू चलने की बहुत संभावना है, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28-30 जून के दौरान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 28-29 जून के दौरान भीषण लू चल सकती है। झारखंड, ओडिशा में 27 जून को गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com