नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के देशव्यापी शैक्षणिक अभियान ‘छात्रों की गूंज’ को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन से पूर्ण सहयोग का आह्वान किया है।
राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी के सभी महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, विभाग प्रमुखों और सभी जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है। उन्होंने संगठन के सभी स्तरों को निर्देशित किया है कि वे देश भर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को अपना पूरा समर्थन और सहयोग करें ताकि दमनकारी शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ देश भर में एक समन्वित संदेश दिया जा सके।
कांग्रेस सांसद ने अपने पत्र में कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, रद्द होती परीक्षाएं, बार-बार होने वाली दोबारा परीक्षाएं, सरकारी भर्तियों में देरी, खाली पड़े पद, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा की लगातार बढ़ती लागत ने देश के युवाओं और उनके परिवारों को गहरे संकट व मानसिक तनाव में डाल दिया है। उन्होंने कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली युवाओं पर भारी दबाव डालती है और उनके परिवारों को कर्ज के दलदल में धकेल देती है।
राहुल गांधी ने सांगठनिक स्तर पर इस मुहिम को तेज करने की अपील कि। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ हो रहे इस शोषण की सच्चाई को उजागर करना और देश भर में एक प्रभावी तरीके से सकारात्मक संदेश पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने संगठन के सभी प्रमुखों से अपील कि वे सब मिलकर इस अभियान के माध्यम से युवाओं को इस दमनकारी व्यवस्था से मुक्त कराने और उन्हें उचित अवसर व समर्थन प्रदान करने वाले एक नए तंत्र की नींव रखने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal