सिंधिया ने मप्र के गुना को दी तीन सड़क परियोजनाओं की सौगात, किया लोकार्पण

गुना : केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को मध्य प्रदेश के गुना जिले में क्षेत्रवासियों को 11.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन सड़क परियोजनाओं की सौगात दी।

 

उन्होंने बूढ़े बालाजी से हनुमान टेकरी पहुंच मार्ग (व्हाइट टॉपिंग) 1.88 किलोमीटर (लागत 3.87 करोड़ रुपये), ग्राम बरखेड़ाहाट विद्युत फीडर से दुरदुरू तक 4.30 किलोमीटर लंबे मार्ग (लागत 5.52 करोड़ रुपये) तथा महूगढ़ा फाटक से बमौरी बुजुर्ग तक 2.20 किलोमीटर लंबे मार्ग (लागत 2.25 करोड़ रुपये) का लोकार्पण किया। इन तीनों कार्यों पर कुल 11.64 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन के साथ हुई।

 

इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को स्कूल एवं महाविद्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी, किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक कम समय में पहुंचाने का लाभ मिलेगा तथा आसपास के गांवों के नागरिकों की जिला एवं तहसील मुख्यालय, अस्पतालों एवं शासकीय कार्यालयों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।

 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि टेकरी सरकार केवल गुना जिले का ही नहीं, बल्कि पूरे ग्वालियर-चंबल संभाग की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह प्रदेश और देशभर के श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र के रूप में और विकसित होगा।

 

उन्होंने कहा कि वे प्रतिवर्ष टेकरी सरकार के दर्शन के लिए आते रहे हैं और भगवान हनुमान से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।उन्होंने कहा कि पिछले 22 वर्षों में टेकरी सरकार के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था निरंतर बढ़ी है। जहां पहले दो से तीन हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते थे, वहीं अब हनुमान जयंती के अवसर पर 5 लाख श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।

 

उन्होंने इसे देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना के पुनर्जागरण का प्रमाण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है। काशी विश्वनाथ, महाकाल लोक, केदारनाथ, बद्रीनाथ और सोमनाथ जैसे तीर्थस्थलों के पुनर्विकास ने देश की आध्यात्मिक शक्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया है।

 

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 88 हितग्राहियों के स्वामित्व पट्टे स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 14 हितग्राहियों को कार्यक्रम में पट्टों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को भूमि का अधिकार, आवास तथा आवास निर्माण के लिए आवश्यक सहायता का पूरा लाभ मिले, ताकि कोई भी पात्र परिवार शासकीय योजनाओं से वंचित न रहे।

 

गुना की आधुनिक फल-सब्जी मंडी का भूमि पूजन

 

केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने रविवार को गुना में सिंघाड़ी रोड स्थित नवीन फल-सब्जी मंडी परिसर में आधुनिक फल-सब्जी मंडी का भूमि पूजन किया। करीब 3.259 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली यह मंडी किसानों और व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इससे फल-सब्जियों की आवक बढ़ने के साथ मंडी समिति की आय में भी वृद्धि होगी तथा किसानों को अपनी उपज का बेहतर और प्रतिस्पर्धी मूल्य मिल सकेगा।

 

50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी मंडी

 

कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि गुना के विकास के साथ इसकी आवश्यकताएं भी बढ़ी हैं और उनका निरंतर प्रयास रहा है कि शहर को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि बनने वाली नई फल-सब्जी मंडी अत्याधुनिक होगी और आने वाले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जाएगी। इससे किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं सभी को लाभ मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि गुना गेहूं, चना, सरसों, फल और गुलाब उत्पादन की अपार क्षमता रखता है। उनकी कल्पना है कि गुना का गुलाब विदेशों तक अपनी पहचान बनाए। नई मंडी कृषि और उद्यानिकी उत्पादों के विपणन को नई दिशा देगी तथा जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

 

विकास कार्यों की दिलाई याद

 

सिंधिया ने कहा कि गुना में 52 करोड़ रुपये की लागत से नवीन अस्पताल का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन भी किया जा चुका है, जिससे खेल सुविधाओं के लिए अब भोपाल या इंदौर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर से इंदौर तक फोरलेन सड़क बनने से आवागमन सुगम हुआ है तथा फतेहगढ़ फ्लाईओवर को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

 

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के किसान, महिलाएं, गरीब और युवा लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

 

साइबर फ्रॉड से बचाव का दिया संदेश

 

कार्यक्रम के दौरान ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर एकलव्य विद्यालय परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के लिए जागरूक भी किया गया।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com