नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने देश के तीन प्रमुख राज्यों— बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन खाली पड़ी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर आगामी 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को वोटों की गिनती के साथ ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। चूंकि इन तीनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारें हैं, इसलिए यह उपचुनाव भाजपा के लिए अहम होगा।
6 जुलाई को जारी होगा नोटिफिकेशन
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, तीनों सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए 6 जुलाई को आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी 13 जुलाई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुचारू और पारदर्शी वोटिंग के लिए पर्याप्त संख्या में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं।
बांकीपुर (बिहार) नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट
बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। नितिन नवीन ने हाल ही में राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की थी, जिसके बाद उन्होंने नियमतः बिहार विधानसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इस सीट पर भाजपा के गढ़ को बचाए रखने की बड़ी चुनौती होगी।
दतिया (मध्य प्रदेश) में कांग्रेस विधायक के अयोग्य ठहराए जाने के कारण उपचुनाव
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के कारण हो रहा है। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के तत्कालीन कद्दावर मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7 हजार से अधिक मतों के अंतर से शिकस्त दी थी। हालांकि, इसी साल एक फर्जीवाड़े के मामले में कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद राजेंद्र भारती को विधायक पद के अयोग्य घोषित कर दिया गया। अब इस सीट पर नरोत्तम मिश्रा की वापसी या कांग्रेस के नए दांव पर सबकी नजरें टिकी हैं।
मांजलपुर (गुजरात) भाजपा विधायक के निधन के बाद उपचुनाव
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक योगेश नारायणदास पटेल के दुखद निधन के कारण उपचुनाव की स्थिति बनी है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में योगेश पटेल ने भाजपा के टिकट पर शानदार जीत दर्ज की थी। पिछले महीने 79 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था, जिसके बाद से यह सीट खाली पड़ी थी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal