लखनऊ। खुर्रम नगर स्थित पेट्रोल पंप परिसर में संचालित पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें करीब 10 फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से पहले रेस्टोरेंट में लगे एसी के कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरे फूड हब को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते रेस्टोरेंट के अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया और भारी नुकसान हुआ।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाई गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात रही। हालांकि, रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर एसी के कंप्रेसर में विस्फोट को वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह रेस्टोरेंट पेट्रोल पंप परिसर में अवैध रूप से संचालित था, जिसे लेकर अब संबंधित विभाग भी जांच में जुट गया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal