लखनऊ में नितिन नबीन की एंट्री… दो दिन का कार्यक्रम तय, आज हनुमान सेतु में करेंगे दर्शन-पूजन, जानिए पूरा शेड्यूल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना महा-अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार को अपने पहले दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचे। लखनऊ आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के तमाम शीर्ष नेतृत्व ने उनका जोरदार स्वागत किया। नई प्रदेश टीम के गठन के महज 9 दिन बाद हो रहे इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। जानिए नितिन नबीन के दो दिवसीय दौरे का पूरा कार्यक्रम…

 

एयरपोर्ट से मुख्यालय तक 18 KM लंबा भव्य रोड शो

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लखनऊ पहुंचने पर चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से लेकर हजरतगंज स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश हाई नजर आया। करीब 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 50 से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से नितिन नवीन एक विशेष रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। इस रथ पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं का हुजूम और जोश देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने रथ से कार्यकर्ताओं पर फूलों की मालाएं फेंकी और हवा में गुब्बारे छोड़े। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने वालों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, और केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान सहित सरकार के कई मंत्री और पदाधिकारी शामिल थे।

चुनावी रणनीति को लेकर बैठकों का दौर

दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन मैराथन बैठकें करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को स्पष्ट दिशा-निर्देश देना है।

 

पहले दिन (शनिवार) का कार्यक्रम: दौरे के पहले दिन प्रदेश मुख्यालय में नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। संगठनात्मक बैठकों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ के प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर से लौटने के बाद वे मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLCs) के साथ बड़ी बैठक करेंगे।

 

शाम को भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। इसके बाद देर शाम वे पद्मश्री से सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों (प्रबुद्ध वर्ग) से संवाद करेंगे। दिन का समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोज (डिनर) पर चर्चा से होगा।

 

एनडीए सहयोगियों और दिग्गज नेताओं से करेंगे चर्चा

दूसरे दिन (रविवार) का कार्यक्रम: दौरे के दूसरे दिन रविवार सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे और उनके अनुभवों को साझा करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ एक संयुक्त बैठक में हिस्सा लेंगे, ताकि चुनावी एकजुटता को मजबूत किया जा सके। इस दौरे के अंतिम चरण में वे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन व सरकार के आपसी समन्वय और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com