सपा ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को भेजा मानहानि का लीगल नोटिस, हजरतगंज थाने में भी दर्ज हुई FIR

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। पार्टी की ओर से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से निशिकांत दुबे को मानहानि का लीगल नोटिस भेजा गया है।

 

अधिवक्ता के.के. पाल ने निशिकांत दुबे को ई-मेल के जरिए “लीगल नोटिस फॉर डिफेमेशन कैरेक्टर एसिनेशन एंड पब्लिकेशन ऑफ मालिसियस कंटेंट” शीर्षक से नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि अखिलेश यादव के खिलाफ मानहानिकारक और दुर्भावनापूर्ण सामग्री प्रकाशित एवं प्रसारित की गई, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

 

इसी मामले में लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शिकायत में आरोप है कि सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के माध्यम से की गई टिप्पणियों से अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

 

समाजवादी पार्टी का कहना है कि यह मामला केवल राजनीतिक बयानबाजी का नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और मानहानि से जुड़ा है। इसलिए कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की ओर से इस नोटिस और एफआईआर पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com