शोपियां : दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में जारी आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर जाकिर गनई को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद उसका शव और हथियार बरामद कर लिया गया है। वहीं, एक अन्य आतंकी की तलाश में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) शोपियां ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने अपने संदेश में लिखा, “तुम भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।”
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने के बाद चार दिन पहले अभियान शुरू किया गया था। तीन जुलाई को मीमंदर क्षेत्र के घने बागों में लगे निगरानी कैमरों में दो संदिग्ध आतंकवादी दिखाई दिए थे। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए सेना की काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट विक्टर फोर्स ने अतिरिक्त जवान भी तैनात किए थे। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, दोनों आतंकी दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं।
मारे गए आतंकी जाकिर गनई के बारे में बताया गया है कि वह वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। वहीं, उसका साथी लतीफ पिछले वर्ष आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जाकिर का नाम पहलगाम आतंकी हमले से भी जुड़ा रहा है। फिलहाल दूसरे आतंकी की तलाश में अभियान लगातार जारी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal