दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते देर रात मप्र के मंदसौर पहुंचे नितिन गडकरी

मंदसौर : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए बुधवार देर रात मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और हाइवे के कारण खेतों में पानी भरने जैसी गंभीर समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की।

 

दरअसल, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेस-वे की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए दो दिवसीय दौरे की शुरुआत बुधवार सुबह दिल्ली से की थी। इसके बाद गडकरी राजस्थान के कोटा होते हुए देर रात मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ पहुंचे और यहां रूपरा सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया।

 

केंद्रीय मंत्री गडकरी के आगमन को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। गरोठ पहुंचने से करीब तीन किलोमीटर पहले रुपरा गांव में स्थित एनएचएआई के रेस्ट एरिया पर उनका काफिला रुका, जहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

 

स्वागत करने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंद्र सिंह सिसौदिया, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश सेठिया और कलेक्टर अदिति गर्ग सहित पुलिस और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने मंत्री गडकरी को प्रसिद्ध दूधाखेड़ी माताजी की तस्वीर भेंट की।

 

लंबे सफर की थकान के चलते केंद्रीय मंत्री ने किसी से विस्तृत मुलाकात नहीं की और और वे सीधे भोजन के लिए चले गए। विश्राम के दौरान सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की और क्षेत्र की कनेक्टिविटी से जुड़ा एक मांग पत्र उन्हें सौंपा। विधायक डंग ने सुवासरा विधानसभा के हरिपुरा और खेताखेड़ा गांवों में हाइवे कनेक्टिविटी देने की मांग प्रमुखता से उठाई, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

 

गौरतलब है कि दिल्ली से मुंबई के बीच लगभग 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 1350 किलोमीटर लंबे इस 8 लाइन एक्सप्रेस-वे का लगभग 244 किमी का हिस्सा मध्य प्रदेश के हिस्से से होकर गुजर रहा है। ये हिस्सा प्रमुख रूप से रतलाम, मंदसौर और झाबुआ से होकर गुजर रहा है, जिससे इन क्षेत्रों को को काफी लाभ होगा।

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंदसौर जिले के रूपरा रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद आज गुरुवार को रतलाम होते हुए गुजरात के बड़ौदा पहुंचेंगे। इस दौरान वे थांदला और दाहोद के बीच अधूरे पड़े निर्माण कार्य का भी अवलोकन करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com