UP: अखिलेश यादव ने शंकराचार्य से की मुलाकात, सनातन, राम मंदिर और गौसंरक्षण पर हुई चर्चा

UP : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए कहा कि दोनों के बीच सनातन धर्म पर आए संकट और उसे अधर्मियों के प्रभाव से मुक्त कराने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने अपने संदेश में लिखा कि यह उनके लिए सौभाग्य का क्षण था और धर्म की रक्षा तथा सनातन पर आए संकट को दूर करने के लिए विचार-विमर्श किया गया।

 

मुलाकात के दौरान राम मंदिर और गौसंरक्षण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हाल के दिनों में राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस प्रकार की खबरों से देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले सनातन धर्मावलंबियों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उनका कहना था कि जिन श्रद्धालुओं ने मंदिर में दान दिया या भिजवाया, वे इस तरह की खबरों से दुखी हैं और इससे सनातन समाज में आक्रोश का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों से धर्म और देश दोनों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।

वहीं, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौसंरक्षण को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में गौमाता के साथ अन्याय हो रहा है और अनेक स्थानों पर गायें भूख-प्यास से मरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि गौसंवर्धन की बात करने वाली सरकारें पर्याप्त और प्रभावी कदम नहीं उठा रही हैं। शंकराचार्य ने बताया कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और उनके संरक्षण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े विषय पर भी कहा कि वहां रामभक्तों की भूमिका और भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि मंदिर से जुड़े सभी निर्णय श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप हों।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com