बंगाल में बढ़ी हलचल, राज्यसभा चुनाव से पहले टीएमसी के तीन पूर्व सांसद बीजेपी में शामिल, पार्टी भेज सकती है राज्यसभा

राज्यसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीएमसी के तीन पूर्व सांसद सुष्मिता देव, सुखेंदु शेख रॉय और प्रकाश बारिक बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता शमिक भट्टाचार्य ने तीनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा की है। बीजेपी तीनों नेताओं को बचे हुए कार्यकाल के लिए राज्यसभा भेज सकती है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 14 जुलाई 2026 है।

 

शमिक भट्टाचार्य ने कहा, “पिछले 50 सालों से पश्चिम बंगाल में जो राजनीति चल रही थी। पहले 34 साल लेफ्ट फ्रंट और उसके बाद टीएमसी का शासन रहा। हमारे यहां डेवलपमेंट ठप पड़ गया था। ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर आस्था रखकर भारत की राज्यसभा के तीन सांसद ने पहले टीएमसी से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। आज वे तीनों सुष्मिता देव, सुखेंदु शेख रॉय और प्रकाश बारिक बीजेपी में शामिल हुए।”

 

उन्होंने कहा, “पिछले 15 साल के दौरान पश्चिम बंगाल में सारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया। इस बार बंगाल में 90 फीसदी लोगों ने वोट किया। पीएम मोदी ने बार-बार कहा है कि बंगाल की नई पीढ़ी को एक नए दौर में शामिल होना होगा। पश्चिम बंगाल को पूरे देश के साथ चलना पड़ेगा। आज हमारा पूरा संगठन इन तीनों नेताओं को मन से, दिल से, खुशी से अपना रहा है।”

 

सुष्मिता देव, सुखेंदु शेख रॉय और प्रकाश बारिक ने पिछले महीने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया था। शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि तीनों पूर्व सांसदों का अनुभव राज्य में बीजेपी को और मजबूत करने में मदद करेगा।

 

इसी बीच नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद और पूर्व टीएमसी सांसद युसूफ पठान भी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मिलने नबन्ना पहुंचे। पठान के दौरे से पहले अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी भी मुख्यमंत्री से मिलने प्रशासनिक मुख्यालय पहुंचे थे। बंगाल दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसेनजीत चटर्जी से उनके घर पर मुलाकात की थी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com