नई दिल्ली : न्यूजीलैंड की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ प्रतिनिधि मंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नयन करने का फैसला किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने वार्ता के बाद साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और लक्सन के बीच सार्थक वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार एवं वाणिज्य, रक्षा एवं सुरक्षा, शिक्षा, खेल, संस्कृति तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। दोनों नेताओं ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। वार्ता के बाद रक्षा, आपदा प्रबंधन, पर्यटन, खेल और पशुपालन सहित कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों तथा सहयोग संबंधी व्यवस्थाओं का आदान-प्रदान हुआ।
वहीं, प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में अपने शुरुआती वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश अब अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांधने जा रहे हैं। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दोनों देशों को अधिक ऊर्जा और विश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति प्रदान करेगी।
भारत और न्यूजीलैंड के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसकी शुरुआत के बाद इतने कम समय में इसे लागू करने की दिशा में जिस गति से कार्य हुआ है, वह असाधारण है और संभवतः दुनिया में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों में दोनों देशों की दृढ़ आस्था उन्हें स्वाभाविक साझेदार बनाती है। इसी साझा दृष्टिकोण के आधार पर दोनों देश वैश्विक चुनौतियों का मिलकर सामना करने और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दो समुद्री देशों के रूप में भारत और न्यूजीलैंड का घनिष्ठ सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र को नई शक्ति देगा तथा क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के आत्मीय स्वागत और एयरपोर्ट पर स्वयं उपस्थित होकर उनका अभिनंदन करने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने न्यूजीलैंड के लोगों द्वारा भारत के प्रति प्रदर्शित स्नेह को भावुक करने वाला बताते हुए इसे दोनों देशों की गहरी मित्रता का प्रतीक बताया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal