मुंबई : आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण के दाहिने कंधे की शनिवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में सफल सर्जरी की गई। डॉक्टरों के अनुसार उनके दोनों कंधों में रोटेटर कफ की गंभीर चोट और मांसपेशियों में फटाव (मसल टियर) पाया गया था, जिसके बाद जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई थी।
पवन कल्याण पिछले करीब दस वर्षों से कंधों के दर्द से जूझ रहे थे। वर्ष 2016 में उन्हें पहली बार गंभीर चोट लगी थी। डॉक्टरों ने उस समय पर्याप्त आराम की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों को जारी रखा। 2018 की संघर्ष यात्रा, 2019 के चुनाव प्रचार और किसानों से मुलाकात जैसे कार्यक्रमों के दौरान समर्थकों से लगातार हाथ मिलाने और भीड़ के दबाव के कारण उनकी चोट और गंभीर होती चली गई।
चिकित्सकों ने बताया कि दोनों कंधों की एक साथ सर्जरी करने से रिकवरी कठिन हो सकती थी। इसी वजह से पहले दाहिने कंधे का ऑपरेशन किया गया। शुक्रवार को उनकी प्रारंभिक मेडिकल जांच हुई थी, जबकि शनिवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक चली सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। बाएं कंधे की सर्जरी अगले दो महीनों के भीतर किए जाने की संभावना है।
इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पवन कल्याण के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal