साउथ भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी फिल्म ‘मां इंटी बंगारम’ की सफलता के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में हैं। अपने पहले बच्चे का इंतजार कर रहीं सामंथा ने हाल ही में एक बातचीत में मातृत्व को लेकर अपनी भावनाएं शेयर कीं। उन्होंने कहा कि मां बनना हमेशा से उनका सबसे बड़ा सपना रहा है और अब वह जीवन के इस नए अध्याय का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
सामंथा ने कहा, “यह मेरे लिए बिल्कुल नया और बेहद रोमांचक अनुभव है, लेकिन मैं लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रही थी। मैं हमेशा से एक मां बनना चाहती थी। मुझे विश्वास है कि मैं इस नई जिम्मेदारी में अपना शत-प्रतिशत दूंगी।”
उन्होंने बताया कि मातृत्व ने उनके भीतर एक नई ऊर्जा और उद्देश्य का एहसास जगाया है। अभिनेत्री ने कहा कि उनका दिल कृतज्ञता से भरा है और वह हर दिन कुछ नया सीखते हुए इस सफर को अपनाने के लिए तैयार हैं।
अभिनेत्री की प्रेग्नेंसी की चर्चा तब शुरू हुई थी, जब फिल्म ‘मां इंटी बंगारम’ की सफलता के जश्न के दौरान उनका बेबी बंप नजर आया। बाद में सामंथा ने स्वयं इस खुशखबरी की पुष्टि की और बताया कि मौजूदा पेशेवर प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद वह मातृत्व अवकाश लेंगी। यह सामंथा और उनके पति, फिल्म निर्माता राज निदिमोरू का पहला बच्चा होगा।
गौरतलब है कि सामंथा ने वर्ष 2017 में अभिनेता नागा चैतन्य से शादी की थी, लेकिन 2021 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ के दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक राज निदिमोरू से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दिसंबर 2025 में दोनों विवाह बंधन में बंध गए। अब दोनों अपने पहले बच्चे के स्वागत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal