नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.26 प्रतिशत और निफ्टी 0.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, विप्रो और मारुति सुजुकी के शेयर 2.38 प्रतिशत से लेकर 1.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एचडीएफसी लाइफ, बजाज फिनसर्व, जियो फाइनेंशियल और एक्सिस बैंक के शेयर 2.57 प्रतिशत से लेकर 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,731 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,409 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,322 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर नौ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 202.99 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,388.42 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 77,514.30 अंक तक उछल गया, वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 77,276.52 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 201.32 अंक की बढ़त के साथ 77,386.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 63.60 अंक यानी 0.26 प्रतिशत उछल कर 24,142.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी बढ़ कर 24,167.40 अंक तक पहुंचा, वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 24,097.05 अंक के स्तर तक लुढ़क भी गया। कारोबार के दौरान बिक्री का दबाव बनने के बावजूद यह सूचकांक भी लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच निफ्टी 53.90 अंक की तेजी के साथ 24,132.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 130.49 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,185.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 26.45 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,078.50 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal