नई दिल्ली : कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा और उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने जंतर-मंतर पर अनशनरत पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनकी मांगों के प्रति पार्टी का समर्थन व्यक्त किया।
सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने एक्स पर यह जानकारी दी। दीपके ने बताया कि छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी इस शांतिपूर्ण आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा पवन खेड़ा और राजेन्द्र पाल ने शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न मुद्दों और प्रशासनिक विफलताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन जारी है। विपक्ष के कई नेताओं का इस आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की घोषणा की है।
सोनम वांगचुक और यहां मौजूद छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal